बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित पीडब्लूडी गेस्ट हाउस के पास ट्रक की टक्कर से इको कार पलट गई। इसमें सवार चार महिला समेत दस लोग घायल हो गए। इससे वहां हड़कंप मच गया। लोगों ने उनको कार से बाहर निकाल कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
बागपत के मुगलपुरा मोहल्ला के लोग बृहस्पतिवार को शाम के समय इको कार में सवार होकर मुजफ्फरनगर के गांव जौला में होने वाली शोकसभा में शामिल होने के लिए जा रहे थे। जैसे ही कार हाईवे स्थित पीडब्लूडी गेस्ट हाउस के पास पहुंची, तभी बागपत की ओर से तेज गति से जा रहे ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। इससे कार अनियंत्रित होकर पलट गई। वहां अफरा-तफरी मच गई।
रोड से गुजर रहे वाहन सवार और आसपास के लोग वहां इकट्ठे हो गए। उन्होंने किसी तरह से कार से घायलों को निकाला और जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इस हादसे में कार में सवार डॉ. राशिद, उम्मेद, कामरान, कल्लू, इस्लाम, यामीन, जरीना, आमना, मुन्नी, कुलसुम घायल हो गई। इस घटना से मार्ग पर काफी लंबा जाम लग गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रोड से कार हटवाई और जाम खुलवाया। कोतवाली पुलिस ने बताया कि ट्रक के आरोपी चालक को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा हैं।