दोघट। कस्बा टीकरी के मुख्य बाजार में दुकान से सामान खरीद रहे विवेक (25) को बाइक सवार चार बदमाशों ने अत्याधुनिक हथियारों से गोलियों से भूनकर हत्या कर दी।
कस्बे में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों का आरोप है कि रुपये देने से इंकार करने पर वारदात को अंजाम दिया है। हत्या के विरोध में ग्रामीणों ने हंगामा किया। करीब एक घंटे तक शव नहीं उठने दिया। ठोस कार्रवाई के आश्वासन पर ग्रामीण मानें।
टीकरी कस्बा निवासी विक्रम चौधरी ने बताया उनके बेटे विवेक से गांव के चार-पांच युवक पिछले कुछ दिनों से बेवजह रुपये मांग रहे थे। इसकी शिकायत पुलिस से भी की थी, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। सोमवार शाम करीब आठ बजे बाजार में विवेक दुकान से सामान खरीद रहा था।
इसी दौरान दो बाइकों स वार होकर चार लोग आए। आरोपियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से विवेक की मौके पर ही मौत हो गई। इस वारदात के बाद मौके पर काफी लोग इकट्ठे हो गए।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे। पुलिस मामले की जांच में लगी है। युवक को सात गोली मारी गई है। उधर, मौके पर एकत्र हुए लोगों ने हंगामा किया। करीब एक घंटे तक पुलिस को शव नहीं उठाने दिया। एसओ दोघट चितवन कुमार ने ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया तो ग्रामीण मानें।
उधर, ग्रामीणों का कहना था कि पुलिस की लापरवाही से ही विवेक की जान गई है। विवेक की मां गुड्डी ने देर रात चार लोगों को नामजद करते हुए पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जुबान खोली तो विवेक जैसा अंजाम ः दोघट। लोगों के मुताबिक बाइक सवार युवकों ने जैसे ही गोलियां बरसाई तो बाजार में दुकानें बंद हो गई। इस दौरान आरोपियों ने धमकी दी यदि किसी ने जुबां खोली तो अंजाम विवेक जैसे ही होगा।