असारा गांव में रविवार की रात चोरों ने जमकर कहर बरपाया। दूध व्यापारी समेत दो लोगों के मकान से 65 हजार रुपये समेत करीब साढ़े चार लाख रुपये का सामान चोरी हो गया। इससे वहां हड़कंप मच गया।
असारा निवासी गयूर दूध व्यापारी है। रविवार रात उनका परिवार मकान की छत पर सोया हुआ था। देर रात चोरों ने उनके मकान से 60 हजार की नगदी, 10 तोले सोने और 20 तोले चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया।
इसी तरह पड़ोस के अब्दुल रहमान के मकान से 5 हजार की नगदी समेत सोने-चांदी के आभूषण और सामान चोरी कर लिया गया। सोमवार सुबह जब परिवार के लोग उठे तो उन्हें मकान में सामान बिखरा हुआ मिला और उक्त सामान गायब मिला।
तलाश करने के बावजूद सामान का कहीं पता नहीं चला। घटना से वहां पर हड़कंप मच गया। पीड़ितों ने रमाला थाना पर घटना की शिकायत की। थाना प्रभारी सतीश चंद्रा का कहना है कि चोरों को गिरफ्तार कर जल्द ही केस का खुलासा कर दिया जाएगा।