बागपत में चर्चित भूरा फरारी केस समेत अन्य मामलों में वांछित चल रहे मुंडका के पूर्व विधायक रामबीर शौकीन को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। देहरादून पुलिस से मुजफ्फरनगर के अमित उर्फ भूरा को छुड़ाने की साजिश में रामबीर शौकीन भी शामिल रहा था।
देहरादून पुलिस 15 दिसंबर 2014 को मुजफ्फरनगर के सरनावली गांव निवासी अमित उर्फ भूरा को बागपत कोर्ट में पेश करने के लिए लेकर आई थी। क्रिस्तु ज्योति स्कूल के पास ऑटो और कार सवार बदमाशों ने भूरा को पुलिस हिरासत से छुड़ा लिया था। इस वारदात में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी। बाद में पुलिस ने जांच की तो दिल्ली की मुंडका सीट से पूर्व विधायक रामबीर शौकीन, नीरज बवाना और सुनीला राठी समेत अन्य लोगों को मामले की साजिश रचने में शामिल किया था। वारदात के बाद से ही शौकीन फरार था।
दिल्ली पुलिस को अन्य मामलों में भी उसकी तलाश थी। पिछले दिनों दिल्ली पुलिस ने मोस्टवांटेड अपराधियों की जो सूची जारी की थी, उसमें भी उसका नाम शामिल किया गया था। भूरा फरारी केस में शौकीन के मकान की कुर्की भी हुई थी। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र बिष्ट का कहना है कि शौकीन को बी वारंट पर लाकर पूछताछ की जाएगी।