बागपत। बड़ौत क्षेत्र के एक गांव में मां के सामने बेटी के कपड़े फाड़कर अश्लील हरकतें करने का मामला सामने आया है। आरोप है चार युवकों ने उसको जान से मारने की नीयत से हमला किया। एक आरोपी पहले युवती से दुष्कर्म कर चुका है। पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।
गांव की युवती ने पुलिस को बताया वह अपनी माता के साथ शनिवार को शाम के समय गांव की मंडी स्थल के पास से गुजर रही थी। तभी एक युवक ने अपने दो चचेरे भाइयों और एक अन्य युवक के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उसके कपड़े फाड़कर अश्लील हरकतें कीं। विरोध करने पर गाली-गलौज कर मारपीट की।
बचाव में आई उसकी माता की भी पिटाई की और जान से मारने की धमकी थी। एक आरोपी उसके साथ दुष्कर्म कर चुका है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। आरोपी लगातार धमकी दे रहा है।
पीड़ित की तहरीर पर बड़ौत कोतवाली में आरोपी जुबैर, नदीम, शकील और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। कोतवाल मुकेश कुमार ने कहा इस मामले में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है। केस की विवेचना के आधार पर कार्रवाई होगी।