बदमाशों के हमले में घायल भर्ती भाजपा नेता से पूछताछ करते सीओ।
- फोटो : jounpur
सरपतहा थाना क्षेत्र के अरसिया मोड़ पर रविवार को दो बाईक पर पांच बदमाशों ने नगर पालिका शाहगंज के ठेकेदार और भाजपा नेता पर हमला कर उन्हें मारपीटकर घायल कर दिया। भाजपा नेता का आरोप है कि बदमाशों ने उनके गले से चेन भी छिन लिया। पुलिस तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।
नगरपालिका शाहगंज के ठीकेदार बेचन सिंह अपने छोटे पुत्र गौरव सिंह के साथ शाहगंज के लिए बाइक से निकले। आरोप है कि अरसिया मोड़ पर जब वह रामसूरत की दूकान पर बैठे तभी दो बाइक से पांच लोग आए और उनपर हमला बोल दिया और उनके बेटे की सोने की चेन छिन लिया। बदमाशों ने उनकी रिवाल्वर छीनकर फायर किया लेकिन गोली मिस कर गई। इसी बीच वह मौका पाकर वह दूकानदार के घर मे भाग गए। शोर करने पर बदमाश अरसिया की तरफ निकल गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ठेकेदार और उनके बेटे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुइथाकला में भर्ती कराया। उनका आरोप है कि विधानसभा चुनाव में एक प्रत्याशी के पक्ष में समर्थन न करने के विरोध मे यह हमला करवाया गया है। एसपी सिटी कमलेश दीक्षित का कहना है कि केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है। प्रथम दृष्टया लूट जैसा कोई मामला सामने नही आ रहा है।