चांदीनगर। खट्टा प्रह्लादपुर गांव में एक आठवीं के छात्र की मंगलवार सुबह ट्यूबवेल के हौज में लाश मिलने से सनसनी फैल गई। वह घर से अपने दोस्तों के साथ दौड़ लगाने के लिए गया था।
किसान राकेश का बेटा तरुण (14) गांव के ही देव नागरी इंटर कालेज में कक्षा आठ में पढ़ता था। वह प्रतिदिन सुबह के समय अपने साथियों के साथ दौड़ लगाने जाता था। मंगलवार सुबह भी अपने तीन-चार दोस्तों के साथ दौड़ लगने के लिए गया था। इसके बाद घर नहीं लौटा।
सुबह करीब साढ़े सात बजे गांव में ही स्कूल जा रहे कुछ छात्रों को उसका शव ढिकौली-खट्टा प्रह्लादपुर मार्ग स्थित एक ट्यूबवेल के हौज में पड़ा दिखा। सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लिया। कुछ लोगों ने आशंका जताई कि ट्यूबवेल पर पानी में उतरे करंट से उसकी मौत हुई होगी। तरुण दो बहनों का अकेला भाई था। दोनों बहने छोटी है।