बड़ौत। सरौरा पुलिस चौकी पर शुक्रवार की रात एक एसआई और होमगार्ड ने आरएएफ जवान के भाई को रोककर उसे पिस्टल की बटों से पीटा और 1.53 लाख रुपये छीन लिए। आरोप है कि पीड़ित को यह भी धमकी दी गई है कि यदि किसी से इसका जिक्र किया तो वे उसका एनकाउंटर कर देंगे।
पीड़ित नितिन कुमार पुत्र ओमप्रकाश निवासी धनौरा टीकरी का रहने वाला है। वह 30 सितंबर को मेरठ में अपने भाई पप्पू, जो रेपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) में तैनात है, उससे 1.53 लाख रुपये बैंक में जमा कराने के लिए मेरठ से गांव ला रहा था। रात में साढ़े आठ बजे जब वह बाइक से धनौरा-टीकरी भड़ल से चला तो सरौरा पुलिस चौकी के एक एसआई और होमगार्ड मिले जो शराब पीए हुए थे।
उन्होंने उसे रोक लिया और पिस्टल की बट मारकर उससे 1.53 लाख रुपये छीन लिए। विरोध करने पर उसकी पिटाई की और धमकी दी कि यदि किसी से जिक्र किया तो उसका एनकाउंटर कर देंगे। उसने कंट्रोल रूम पर भी फोन किया, लेकिन किसी ने रिसीव नहीं किया। इसके बाद उसने एसपी से कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में सीओ कर्मवीर सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उनके संज्ञान में ऐसा कोई मामला नहीं है। वे इस मामले को दिखवाएंगे और जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।