आजाद मार्केट में मंगलवार की रात बदमाशों ने ब्यूटी फैशन हाउस का ताला तोड़ हजारों की नकदी समेत कीमती सामान चोरी कर लिया। चौकीदार के पहुंचने से पहले ही बदमाश फरार हो गए। पुलिस के मौके पर नहीं पहुंचने पर व्यापारियों ने नाराजगी जताई।
मंगलवार की शाम आजाद मार्केट स्थित ब्यूटी फैशन हाउस के मालिक प्रमोद जैन दुकान बंद कर घर चले गए थे। उनकी रेडिमेड गारमेंट की दुकान है। देर रात चौकीदार ने उन्हें सूचना दी की उनकी दुकान का ताला टूटा हुआ है। बदमाश यहां से गल्ले में रखे 35 हजार रुपये नकदी सहित अन्य कीमती सामान ले उड़े।
इस संबंध में दुकान मालिक प्रमोद ने अज्ञात में बदमाशों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। इस संबंध में सीओ सीपी सिंह ने कहा कि कोतवाली क्षेत्र की पुलिस पंचायत चुनाव में लगी हुई थी। इस कारण कोई पुलिस कर्मी वहां नहीं पहुंच सका। चोरी की घटना का ख्ुालासा शीघ्र किया जाएगा।
व्यापारियों में आक्रोश
बड़ौत। पश्चिमी उप्र संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल की बैठक प्रांतीय अध्यक्ष हेमचंद जैन की अध्यक्षता में नई मंडी में हुई। व्यापारियों ने नगर में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर आक्रोश जताया। पुलिस-प्रशासन से नगर में हो रही की घटनाओं का खुलासा करने की मांग की।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात में पुलिस की गश्त बढ़ाने की मांग की है। बैठक का संचालन कालू जैन ने किया। बैठक में सुरेश जैन, वकीलचंद जैन, ओंकार, गौरव, राकेश जैन, रवि पालीवाल, प्रमोद, विनोद जैन, अंकुर चौधरी आदि शामिल रहे।