चांदीनगर क्षेत्र के सिंगोली तगा गांव में चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान दिखाता पीड़ित
- फोटो : amar ujala
बागपत के चांदीनगर के सिगौली तगा गांव में बदमाशों ने जमकर कहर बरपाया। बदमाशों ने चार मकानों से लाखों रुपये का कीमती सामना चोरी कर लिया। दो मकानों में जाग होने पर चोर भाग गए। इसके अलावा गांव के बाहर कुटिया में पहुंचकर महाराज से मारपीट कर करीब पांच हजार रुपये बदमाशों ने लूट लिए। पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की है।
मंगलवार की रात बदमाशों ने सिगौली तगा गांव में किसान धनपाल के घर से दस हजार रुपये नकद, चार मोबाइल, सोने, चांदी के आभूषण और कीमती सामान चोरी किया। किसान सतीश के मकान से कीमती सामान और रसोई से खाने-पीने का सामान चोरी किया। सोमपाल के मकान से हजारों रुपये का सामान चोरी करके बदमाश ले गए। उनका संदूक गली में रखा मिला। इसी तरह रणधीर के मकान में भी चोरी हुई। जाग होने पर बदमाश कीमती सामान लेकर फरार हो गए। इसके अलावा ईश्वर और सुंदर के मकान में चोर पहुंचे, लेकिन परिवार के लोग जाग गए।
शोर मचाने पर चोर फरार हो गए। लोगों ने उनको पकड़ने का काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके अलावा गांव के बाहर स्थित कुटिया में रहने वाले महाराज श्रीचंद के साथ मारपीट कर बदमाशों ने पांच हजार रुपये लूट लिए। घटना का पता चलने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। बाद में पीड़ितों ने थाना पुलिस से शिकायत की। पुलिस का कहना है कि बदमाशों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही केस का खुलासा कर दिया जाएगा।