फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रोडवेज की बस में लूटपाट, गोली मारी

Thu, 24 Dec 2015 12:22 AM IST
ब्यूरो/ अमर उजाला, बागपत
विज्ञापन
विज्ञापन
बागपत के बड़ौत में दिल्ली-यमुनोत्री हाइवे स्थित ककड़ीपुर चेकपोस्ट के पास चार सशस्त्र बदमाशों ने बड़ौत डिपो की रोडवेज बस में लूट की। विरोध करने पर परिचालक से गोली मारकर घायल कर दिया। गोली लगने से एक बच्ची भी घायल हो गई। इसके बाद बदमाश परिचालक का थैला और अन्य यात्रियों से हजारों रुपये की नगदी लूट कर फरार हो गए। सरेशाम हुई इस वारदात से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंचे आला पुलिस अधिकारियों ने बदमाशों की धरपकड़ के लिए जंगल में कांबिंग की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
विज्ञापन


बड़ौत डिपो की बस संख्या यूपी 11/टी-3393 मंगलवार को शामली से बड़ौत के लिए चली थी। बस में करीब 50 सवारी मौजूद थी। शाम चार बजे बस ककड़ीपुर चेकपोस्ट से आगे निकली तो सवारी के रूप में बैठे के एक बदमाश ने अचानक तमंचा निकाल कर चालक कृष्णपाल पर तान दिया। जबकि उसके तीन अन्य साथियों ने परिचालक मोहित पुत्र कवल सिंह निवासी सिरसली और अन्य यात्रियों को काबू कर लूटपाट शुरू कर दी।

परिचालक ने विरोध किया तो एक बदमाश ने उस पर फायर झोंक दिया। गोली मोहित के हाथ में लगी। उसके पास खड़ी सात साल की बच्ची शीबा पुत्री साकिब निवासी गांव असारा भी गोली लगने से घायल हो गई। इसके बाद बदमाश रमाला मील से पहले बस रुकवा कर फरार हो गए। सरेशाम हुई इस वारदात से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सीओ रमाला राजबीर सिंह और सीओ बड़ौत सीपी सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
विज्ञापन


सबसे पहले घायल परिचालक मोहित और बच्ची शीबा को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही बदमाशों की तलाश में जंगल में कांबिंग की, लेकिन सफलता नहीं मिली।  बस चालक कृष्णपाल ने बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया कि बदमाश आलम गांव के पास बस में चढ़े थे। बदमाश ने परिचालक मोहित से बैग और एक महिला समेत दो यात्रियों से लूटपाट की है। बैग में 11 हजार रुपये की नगदी, टिकट मशीन और अन्य कागजात थे।

पुलिस की सुस्ती का उठाया फायदा
बड़ौत। इस वारदात में पुलिस की सुस्ती बदमाशों के लिए फायदेमंद साबित हुई। घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर स्थित ककड़ीपुर चेकपोस्ट पर पुलिस कर्मी तो मौजूद थे, लेकिन चेकिंग नहीं कर रहे थे। वारदात की सूचना भी सबसे पहले चेकपोस्ट पर ही दी गई थी, लेकिन पुलिस ने बदमाशों की तलाश में जाने की बजाए अधिकारियों को सूचना देना ज्यादा जरूरी समझा। यात्रियों का कहना था कि यदि पुलिस थोड़ी भी चुस्ती दिखाती तो बदमाश पकड़े जाते।

50 पर भारी चार बदमाश
बड़ौत। रोडवेज बस में करीब 50 सवारियां थी। मगर, किसी ने भी चारों बदमाशों को रोकने का साहस नहीं दिखाया। यदि बस में सवार लोग कुछ साहस दिखा देते तो शायद बदमाश भी पकड़े जाते और लूट होने से भी बच जाती।

जनपद के आला अधिकारियों ने रमाला क्षेत्र में बदमाशों की तलाश में डेरा ड़ाला
बड़ौत। बस लूट की घटना के बाद एसपी रविशंकर छवि, एएसपी विद्या सागर मिश्र, सीओ बड़ौत सीपी सिंह, सीओ रमाला राजबीर सिंह समेत कई थानों का पुलिस रमाला क्षेत्र में बदमाशों की तलाश में जुटी है। पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। इस संबंध में सीओ रमाला राजबीर सिंह ने बताया कि कुछ संदिग्धों से पूछताछ पुलिस कर रही है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें