मोस्ट वांटेड 50 हजारी इनामी अजीत उर्फ हप्पू की तलाश में पुलिस ने मेरठ और राजस्थान में कई स्थानों पर दबिश दी है, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। पुलिस वहां से खाली हाथ लौट आई।
बावली गांव का अजीत उर्फ हप्पू, हिस्ट्रीशीटर परमवीर तुगाना का राइट हैंड माना जाता है। हप्पू ने अपने गांव में डेढ़ साल पहले दोहरा हत्याकांड को अंजाम दिया था। इसके अलावा भी उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। एक लाख के इनामी रहे प्रमोद गांगनौली की हत्या भी परमवीर और हप्पू के नाम ही लगी है। हालांकि प्रमोद के परिजन इससे संतुष्ट नहीं है। दोनों ही आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे हैं। इन पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित है।
पुलिस दोनों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है, लेकिन उन्हें गिरफ्तार करना तो दूर उनकी शक्ल भी नहीं देख पा रही है। मंगलवार को हप्पू की लोकेशन पुलिस को राजस्थान में मिली। पुलिस ने वहां पर कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन उसका वहां पता नहीं चला।
बुधवार को उसकी लोकेशन मेरठ में मिली। पुलिस मेरठ भी उसे गिरफ्तार करने के लिए गई, लेकिन वहां पर भी पुलिस को सफलता नहीं मिली। इससे पहले पुलिस पानीपत, मेरठ और बागपत में कई स्थानों पर दबिश दे चुकी है। सीओ क्राइम श्वेताब पांडेय ने बताया हप्पू की तलाश में राजस्थान और मेरठ में कई स्थानों पर दबिश दी गई है, लेकिन सफलता नहीं मिली।