बागपत कोतवाली में शिकायत करने पहुंचे काठा गांव के लोग।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
डंपर चालक लियाकत का हत्यारोपी ढाई हजार रुपये का इनामी राहुल काठा गांव में ही घूम रहा है। सोमवार को कोतवाली पहुंचे लियाकत के परिजनों ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा जेल गए एक आरोपी ने चार दिन पहले घर में आकर केस में समझौता करने की धमकी दी। इससे उनका पूरा परिवार दहशत में है। उन्होंने आरोपी राहुल की गिरफ्तारी की मांग की है।
काठा गांव के डंपर चालक लियाकत की 14 मार्च की रात में गली में धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या कर दी। मृतक के भाई शौकत ने कहा इस केस के दो आरोपी सोनू और कपिल जेल गए हैं। आरोपी राहुल फरार चल रहा है। उस पर ढाई हजार रुपये का इनाम घोषित है। आरोपी रात को गांव में ही रहता है। इसकी अनेकों बार जानकारी मिल चुकी है।
जेल गए एक आरोपी के भाई ने चार दिन पहले घर के पास पहुुंचकर कहा केस में फैसला कर लो, वरना अंजाम बुरा होगा। मकान पर पुलिस आखिर कम तक रहेगी। उन्होंने कहा जब तक लोग इकट्ठे हुए। आरोपी जा चुका था। इससे पहले भी उनको कई बार धमकी मिल चुकी है।
इससे परिवार भयभीत है। उनके साथ मौलबी मतलूब और सगीर ने कोतवाली पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने और राहुल की गिरफ्तारी की मांग की । सीओ श्वेताभ पांडेय ने कहा आरोपी राहुल की गिरफ्तारी के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।