शराबी बेटे ने जान से मारने की नियत से मारपीट कर मां को रेलवे ट्रैक पर धक्का देकर गिरा दिया। आसपास के लोगों ने ट्रेन के आने से पहले महिला को ट्रैक से उठाया। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। आरोपी के चचेरे भाई ने तहरीर दी।
खेकड़ा क्षेत्र के गांव घिटौरा के पास से रेलवे लाइन गुजर रही है। पुलिस के अनुसार 65 वर्षीय महिला गांव के बाहर कूड़ा डालकर अपने घर लौट रही थी। रेलवे लाइन के पास उसका बेटा शराब के नशे में बैठा था। युवक ने आवाज लगाकर मां को बुलाया, लेकिन मां ने बेटे की आवाज सुनकर भी अनसुना कर दिया।
इसके बाद आरोपी युवक ने अपनी मां के साथ मारपीट शुरू कर दी। बाद में जान से मारने की नियत से रेलवे ट्रैक पर धक्का देकर गिरा दिया। पुलिस के अनुसार कुछ देर बार ही ट्रैक से ट्रेन गुजरने वाली थी। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई।
आसपास के लोगों ने महिला को ट्रैक से उठाया और मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। पीड़ित महिला ने कहा उसका बेटा शराब पीता रहता है।
आए दिन नशे में उनके साथ गाली-गलौज करता है। इससे वह परेशान है। आरोपी युवक के खिलाफ चचेरे भाई ने तहरीर दी। खेकड़ा थाना प्रभारी देवेंद्र बिष्ट ने कहा महिला से मारपीट करने के आरोपी बेटे के खिलाफ तहरीर आई है। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई होगी।
बेटे ने पिता को पीटा
बागपत। शहर की माता कॉलोनी निवासी व्यक्ति ने बताया उसके बेटे ने उसके साथ गाली-गलौज कर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। उसने कोतवाली पुलिस से शिकायत की।