डबल मर्डर के आरोपियों को बागपत कोर्ट में पेशी के
- फोटो : amar ujala
बागपत की खेकड़ा पुलिस ने नगर पालिका अध्यक्ष नीलम धामा के देवर और उसके साथी की हत्या में फरार चल रहे दो हजार रुपये के इनामी दो चचेरे भाइयों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने दोनों को जेल भेजा। थाना प्रभारी ने बताया पिता और चाचा की हत्या का बदला लेने के लिए हत्याकांड को अंजाम दिया।
उन्नीस फरवरी 2017 को शाम के समय नगर के पांडव चौक पर पालिका अध्यक्ष नीलम धामा के देवर पुष्पेंद्र धामा और उसके दोस्त बाशिद की उस समय हत्या की, जब वह दोनों बाइकपर सवार होकर घर लौट रहे थे। दोहरे हत्याकांड में अभी सात में से चार आरोपी प्रवेंद्र रोहण, सहदेव और रामकुमार फरार चल रहे हैं। इनमें से पुलिस ने शुक्रवार को सुबह के समय करीब सात बजे प्रवेंद्र पुत्र स्वर्गीय प्रताप और उसके चाचा के बेटे रोहण पुत्र स्वर्गीय भूपेंद्र को खेकड़ा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया।
थाना प्रभारी देवेंद्र विष्ट ने बताया दोनों फरार चल रहे दो हजार रुपये के इनामी हत्यारोपी प्रवेंद्र और रोहण स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते दबोचा है। पूछताछ में रोहण ने बताया अपने पिता और चाचा की हत्या का बदला लेने के लिए दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों हत्या आरोपियों को चालान कर बागपत न्यायालय में पेश किया। कोर्ट ने दोनों को जेल भेजा। अन्य आरोपियों को भी शीघ्र पकड़ लिया जाएगा।