बड़ौत में काशी राम कालोनी से पकड़े गए आरोपी को पीटता पुलिस कर्मी
- फोटो : amar ujala
बागपत के बड़ौत की कांशीराम कॉलोनी में एक युवक को मारपीट कर उठाकर ले जाने के मामले में कॉलोनियों ने कोतवाली और बस स्टैंड पुलिस चौकी पर हंगामा किया। बाद में कोतवाल ने आश्वासन दिया कि इस मामले में जांच के बाद कार्रवाई होगी।
शुक्रवार की रात में दिल्ली रोड स्थित कांशीराम कॉलोनी में इमरान उर्फ भूरा पुत्र मकसूद को किसी मामले में उठाकर पुलिस लेकर चली और उसके साथ मारपीट की तो कॉलोनीवासियों में आक्रोश व्याप्त हो गया और उन्होंने कोतवाली में हंगामा किया। इसके बाद महिलाओं ने बस स्टैंड पुलिस चौकी में हंगामा किया। इस दौरान पकड़े युवक को पुलिस ने घसीटकर पीटा। जब उसके परिवार की महिलाएं वहां पहुंची तो पुलिस ने उन्हें भी वहां से भगा दिया। इस संबंध में कोतवाल मुकेश कुमार ने बताया एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसको लेकर थोड़ा हंगामा हुआ था।
खेत मालिक को फसल काटने से रोका
बड़ौत। ट्यौढी गांव में एसडीएम के आदेश पर अपनी फसल काट रहे खेत मालिक को गांव के ही दो लोगों ने हथियारों के बल पर रोकना चाहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को दबोच लिया और उनके पास से एक तमंचा और एसएलआर की दो गोलियां बरामद की हैं।
नोएडा निवासी गोपाल ने कु छ वर्ष पूर्व गांव में 10 बीघा जमीन ली थी और उस जमीन को उसके ही रिश्तेदार बो रहे थे। जब उसने अपनी जमीन वापस लेनी चाही तो उन्होंने नहीं दी। इस पर एसडीएम से शिकायत की गई। एसडीएम के आदेश पर गोपाल जब अपनी फसल काट रहा था तो गांव के ही दो युवक वहां पहुंचे और उन्होंने उसे फसल काटने को रोका। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को दबोच लिया। पकड़े गए युवकों में नंदकिशोर और हरिओम ट्यौढ़ी गांव के रहने वाले हैं।