बागपत। सिरसली और गांगनौली गांव में खून-खराबा करने के आरोपी प्रवीण गैंग के निशाने पर कई लोग हैं। पुलिस को जानकारी मिली है कि प्रवीण गैंग ने दोघट क्षेत्र के एक गांव के प्रधान के परिवार के सदस्य की हत्या करने के लिए दस लाख रुपये में सुपारी ली है। आधी रकम गैंग के पास पहुंच भी गई है। इसका पता चलते ही पुलिस अफसर टेंशन में आ गए हैं। एक अफसर ने तो प्रधान को सचेत रहने के लिए भी कहा है। पुलिस भी पीड़ित परिवार पर नजर लगाए है, ताकि कोई वारदात न हो।
पीड़ित परिवार के सदस्य ने बताया उसको जानकारी मिली की कि उसकी हत्या की दस लाख रुपये सुपारी दी गई है। अपराधियों का प्लान एक ईंट भट्ठे पर बना है। इसमें एक हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है। सुपारी भी गांव के ही व्यक्ति ने दी है। अपराधियों ने पूरा षड्यंत्र रच लिया है। यहां तक की सुपारी की आधी रकम भी अपराधियों के पास पहुंच गई है।
पीड़ित ने बताया पुलिस के एक अफसर को पता चला है कि कुछ लोग उसकी हत्या करने के प्रयास में लगे हैं। अफसर ने खुद उनको बताया एक अपराधी ने सतेंद्र सिरसली से उसकी हत्या करने की बात की। सतेंद्र ने कहा पहले तुम मेरा काम करो, बाद में तुम्हारा काम कर दिया जाएगा। सतेंद्र का काम पूरा हो गया है। सिरसली गांव में भूपेंद्र की हत्या कर दी। सतेंद्र, प्रवीण राठी गैंग का सदस्य है। पीड़ित ने बताया अपराधियों की गतिविधियों को देखकर अफसर ने उनको अलर्ट रहने को कहा है। इस पूरे मामले से पुलिस के उच्चाधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है। इससे पीड़ित परिवार काफी दहशत में है। अपने मकान से बाहर निकलने की भी हिम्मत नहीं जुटा पा रहा है।
पहले भी हो चुका है हमला
बागपत। प्रधान परिवार के लोगों पर कई बार हमला हो चुका है। वारदात की रिपोर्ट भी दर्ज हुई। पुलिस ने हमलावरों को गिरफ्तार भी किया। परिवार को धमकी भी कई बार मिल चुकी है।