डकैती के विरोध में पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
बागपत। पुराना कस्बा के केतीपुरा मोहल्ला में दो भाइयों समेत तीन लोगों के मकानों में बदमाशों ने डाका डाला। मकानों से 50 हजार रुपये की नगदी समेत लाखों रुपये के आभूषण और सामान लूटा। इसके अलावा भूसा व्यापारी इफ्तिकार को भी बदमाशों ने शिकार बनाया। आरोप है बदमाशों ने खुद को पुलिस वाले बताकर परिजनों को बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया।
केतीपुरा मोहल्ला निवासी शौकीन पुत्र मोबिन का कहना है कि वह शुक्रवार की रात में अपनी पत्नी रिहाना और बच्चों के साथ मकान के बाहर सो रहे थे। मकान में उसका साला नदीम और उनकी पत्नी और बच्चे भी मौजूद थे। शुक्रवार की रात में करीब दो बजे उसके पास सात लोग पहुंचे उन्होंने खुद को पुलिस स्टाफ बताते हुए कहा अबरार कुरैशी का मकान कौन सा है। उसने कहा यहां पर इस नाम का कोई नहीं रहता है। इसके बाद आरोपी उसे, उसकी पत्नी और बच्चों को मकान के अंदर ले गए।
वहां पर उन्हें हथियारों के बल पर बंधक बना लिया। उसके मकान से 20 हजार रुपये की नगदी, सोने के चार तौला और डेढ़ किलोग्राम चांदी के आभूषण लूट लिए। इसके बाद बदमाश उसके भाई मोनू के मकान में घुसे। वहां मोनू और उसकी पत्नी रेशमा को बंधक बनाकर मकान से सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। इसके बाद बदमाश पड़ोसी अबरार के मकान में पहुंचे। उसे और उसके बच्चों को बंधक बनाकर 30 हजार रुपये की नगदी, सोने और चांदी के आभूषण लूटे।
इसी दौरान व्यापारियान मोहल्ला के भूसा व्यापारी इफ्तिकार, मोनू को बुलाने के लिए वहां पर आए तो बदमाशों ने उनके साथ भी मारपीट कर 90 हजार रुपये लूट लिए। जाते समय बदमाश अबरार की इंडिका कार भी ले गए। इस वारदात के बाद क्षेत्रीय लोगों में हड़कंप मचा है।
कोतवाली प्रभारी रनवीर सिंह यादव ने कहा मामला संज्ञान में है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और केस की जांच शुरू कर दी। इसी के आधार पर ही कार्रवाई होगी।