बागपत के खेकड़ा हत्याकांड में पुष्पेंद्र धामा के बड़े भाई सुरेंद्र सिंह ने तहरीर देते हुए बताया कि दोनों की हत्या रंजिश में अंजाम दी गई है। आरोपी कर्मवीर, सहदेव, जयवीर पुत्रगण रामपाल निवासी पट्टी रामपुर, रोहताश एवं राजकुमार पुत्रगण लाल सिंह, रोहन पुत्र भूपेंद्र एवं प्रवेंद्र पुत्र प्रताप निवासी खेकड़ा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
उधर, हत्या का मुकदमा दर्ज होते ही पुलिस ने ताबड़तोड़ दबिशें दी। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। सुरेंद्र धामा ने पुलिस को बताया कि पुष्पेंद्र और बाशिद एक बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। अन्य दो बाइकों पर वह स्वयं और उसके परिवार के योगेंद्र, राहुल, अमित सवार थे। पांडव पुलिया के पास उनके आगे जा रही पुष्पेंद्र की बाइक को वहां पर पहले से ही खड़े बाइक सवार आरोपियों ने धक्का देकर गिरा दिया और गोलियां बरसानी शुरू कर दी। उनके शोर मचाने पर गालियां देते हुए और उनकी तरफ को फायरिंग करते हुए बाइकों से यादव चौक की ओर से फरार हो गए।
दोहरे हत्याकांड में दो गिरफ्तार, दो तमंचे बरामद
खेकड़ा। थाना खेकड़ा के प्रभारी जितेंद्र यादव ने बताया रविवार की रात में शहर में हुए दोहरे हत्याकांड में नामजद दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया और उनकी निशानदेही पर दो तमंचे बरामद किए हैं। पुलिस ने खेकड़ा के ही जयवीर और रोहताश को पकड़ा है। पुलिस ने दोनों को स्टेशन से दबोचा है। दोनों दिल्ली जाने की फिराक में स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। थानाध्यक्ष के अनुसार रोहताश भविष्य में होने वाले खेकड़ा नगर पालिका चुनाव में अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ने वाला था। उसने पुष्पेंद्र परिवार से चल रही रंजिश को ध्यान में रखकर जयवीर से हाथ मिल लिया और वारदात को अंजाम दिया था। पुष्पेंद्र जयवीर के पिता मैनेजर रामपाल की हत्या में नामजद था।
सैकड़ों लोग बन गए तमाशबीन
खेकड़ा। वारदात के दौरान पुष्पेंद्र धामा और बाशिद की मदद के लिए कोई आगे नहीं आया। हमलावरों ने आसानी से वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। दोहरे हत्याकांड में अभी कईं सवाल ऐसे हैं, जिनके जवाब धीरे-धीरे मिलेंगे। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को जानकारी दी है कि दो हमलावरों ने हेलमेट पहना हुआ था। पुलिस इस बिंदु पर जांच में जुटी हुई है। हालांकि पीड़ित ने सात लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस के मुताबिक जिस तरह गोलियां चली, इससे पुलिस को अंदेशा है कि वारदात में कोई शॉर्प शूटर शामिल हो सकते हैं।
कड़ी चौकसी, पुलिस की गश्त
खेकड़ा। सोमवार को छोटा बाजार, बड़ा बाजार, जैन कॉलेज रोड बाजार, रेलवे रोड बाजार, पाठशाला रोड बाजार के साथ ही गली मोहल्ले स्थित सभी दुकानें दिनभर बंद रही। व्यापारी भी इस दोहरे हत्याकांड से दहशत में हैं। मुख्य स्थानों पर पुलिस तैनात कर दी। पुलिस अधिकारियों ने खेकड़ा, बागपत, बड़ौत समेत अन्य थानों की पुलिस खेकड़ा में तैनात की गई है।
चेयरमैनी की रंजिश पर पुलिस की नजर
बागपत। कुछ माह बाद होने जा रहे नगर पंचायत और पालिका के चुनाव से पहले इन्हें लेकर चल रही रंजिश को पुलिस ने खंगालना शुरू कर दिया है। खेकड़ा के अलावा अन्य कस्बों में रंजिश के कई मामले हैं।