बागपत के खेकड़ा में चुनाव की रंजिश फिर सिर उठाने लगी हैं। बाइक पर सवार होकर खेकड़ा में ही अपने घर लौट रहे चेयरपर्सन नीलम धामा के देवर पुष्पेंद्र धामा और उसके साथी बाशिद की स्वचालित हथियारों से गोली मारकर हत्या कर दी । वारदात के बाद बाइक पर सवार होकर बदमाश हथियार लहराते हुए फरार हो गए। वारदात के बाद कस्बे में दहशत फैल गई। सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए। लोगों के बीच नाराजगी फैल गई। बाजार भी बंद हो गए।
वारदात रविवार की रात में करीब पौने आठ बजे घटित हुई है। खेकड़ा नगर पालिका की चेयरमैन नीलम धामा का देवर पुष्पेंद्र धामा (45) अपने साथी बाशिद (40) के साथ बाइक पर सवार होकर अपने मोहल्ला अहिरान से पांडव पुलिया होते हुए अपने घर लौट रहा था। पांडव पुलिया के पास बाइक सवार दो युवकों ने पुष्पेंद्र को रोक लिया। इससे पहले पुष्पेंद्र कुछ समझ पाता, हमलावरों ने दोनों पर स्वचालित हथियार से गोली चला दी। दोनों को दो-दो गोली लगी है। हमलावरों की संख्या दो बताई गई है। दोनों हेलमेट लगाए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। गोलियां चलते ही आसपास दहशत फैल गई। बाशिद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुष्पेंद्र को सीएचसी ले जाया गया, वहां के चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया। दोहरे हत्याकांड के बाद सैकड़ों लोगों मौके पर जमा हो गए। लोगों ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया और पुलिस से हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की।
उधर, कस्बे के बाजार भी बंद हो गए। एसपी अजय शंकर राय, एडीएम डीपी सिंह, सीओ श्वेताभ पांडेय और आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। देर रात तक खेकड़ा में तनाव का माहौल बना है। लोगों के बीच वारदात को लेकर आक्रोश है। एसपी अजय शंकर राय ने कहा अभी तहरीर नहीं मिली है। मामला पुरानी रंजिश का लग रहा है। हमलावरों की तलाश में कई जगह दबिश दी गई है।