राजपुर खामपुर गांव में एचटी लाइन का तार टूट कर गिर जाने से किसान की मौत हो गई। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने चार घंटे तक सीएचसी पर शव रख हंगामा किया। सूचना पर पहुंचे बड़ौत विधायक लोकेश दीक्षित और जिला पंचायत सदस्य सतीश चौधरी ने घटना की जानकारी अधिकारियों को दी।
एसडीओ और जेई एक घंटे की देर से पहुंचे तो उन्हें बंधक बना लिया गया। एसडीएम और सीओ ने किसान के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। इस पर ग्रामीण शांत हुए। इसके बाद ही शव पुलिस को सौंपा।
राजपुर खामपुर निवासी सतबीर सिंह (60) मंगलवार की सुबह साढ़े आठ बजे खेत पर गया था, तभी ऊपर से गुजर रही एचटी लाइन का जर्जर तार उसके ऊपर टूटकर गिर गया और मौके पर ही मौत हो गई।
आसपास कार्य कर रहे ग्रामीण उसे उठाकर सीएचसी बड़ौत लाए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेने का प्रयास किया, तो ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर बड़ौत विधायक लोकेश दीक्षित और जिला पंचायत सदस्य सतीश चौधरी पहुंचे और अधिकारियों को बुलाने की बात कहीं, लेकिन एक घंटे तक कोई नहीं पहुंचा।
करीब 12 बजे बागपत से एसडीओ विकल कुमार और जेई रघवीर शरण वहां पहुंचे, तो विधायक और ग्रामीणों ने उनकी जमकर खिंचाई की और उन्हें वहीं बंधक बना लिया। विधायक का कहना था कि सभी अधिकारियों को सूचना दे दी गई थी, लेकिन कोई भी अधिकारी सीएचसी नहीं पहुंचा।
एक बजे एसडीएम यशवर्धन श्रीवास्तव और सीओ सीपी सिंह सीएचसी पहुंचे और मृतक के परिजनों को 20 लाख रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष और 5 लाख रुपये किसान दुर्घटना बीमा के अलावा विद्युत विभाग से उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। इस आश्वासन पर ही ग्रामीण शांत हुए और शव पुलिस का सौंपा।
परिजनों का हाल बेहाल
बड़ौत। किसान की मौत के बाद परिजनों का हाल बेहाल है। तीन लड़की व एक लड़का है, जिनका रो-रो कर बुरा हाल था। किसान का पांच लाख रुपये का गन्ना भुगतान मलकपुर मिल पर बकाया है।