बड़ौत से बिजरौल के बीच रोडवेज बस में शनिवार की दोपहर में छात्रों ने इमाम की पिटाई कर नकदी और मोबाइल लूटकर सनसनी फैला दी। इस घटना की सूचना इमाम ने बुढ़ाना कोतवाली में दी। इमाम का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। बुढ़ाना की पुलिस इमाम को लेकर शाम बड़ौत कोतवाली में तहरीर दी है।
झारखंड निवासी मौलाना परवेज पुत्र अब्दुल रऊफ इस्माइल मुजफ्फरनगर स्थित अंबा विहार मस्जिद का इमाम हैं। वह शनिवार की सुबह किसी कार्य से बड़ौत आए थे। वह दोपहर दो बजे बड़ौत से मुजफ्फरनगर जाने वाली रोडवेज बस में दिल्ली बस स्टैंड से सवार हुए।
इस बीच बिजरौल रोड पर मीरापुर रजवाहे से 10-12 छात्र बस में चढ़े। इन छात्रों ने अकारण पहले इमाम का चश्मा उतार फेंका। छात्रों ने इमाम के साथ अभद्रता कर पिटाई की। हमलावर बिजरौल गांव में बस रुकवाकर उनसे 15 हजार की नकदी, मोबाइल और घड़ी लूटकर फरार हो गए।
हमलावर जाते वक्त शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। बुढ़ाना पहुंचने पर इमाम ने समाज के लोगों को घटना की जानकारी दी। लोग उन्हें बुढ़ाना कोतवाली ले गए। बुढ़ाना की पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया।
इसके बाद शाम को पुलिस के साथ इमाम को लेकर बड़ौत कोतवाली पहुंचे। इमाम ने बड़ौत कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर लेकर इस घटना को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। इस संबंध में सीओ सीपी सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। इस घटना में शामिल छात्रों का पता लगाने के लिए पुलिस को बिजरौल गांव में भेजा गया है।
इमाम से मारपीट पर आक्रोश जताया
बड़ौत। फूंस वाली मस्जिद में इमामों की बैठक में मौलाना परवेज के साथ हुई घटना पर आक्रोश जताया गया। वक्ताओं ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
बैठक में फूंस वाली मस्जिद के इमाम आरिफ फुल हक, रियाज अहमद, कारी मंसद, जहांगीर, अब्दुल, मुस्तकीम, आबिद, अब्दुल वाजिद, ईदरीश, मौलाना हसन आदि शामिल थे।
पुलिस ने नहीं लिया सबक
बड़ौत। इससे पूर्व भी दिल्ली-शामली जाने वाली ट्रेन में जायरीनों के साथ मारपीट की गई थी। इसको लेकर काफी हंगामा हुआ था। हालांकि इसके बाद भी पुलिस प्रशासन ने कोई एहतियातन कदम नहीं उठाए, जिसके चलते शनिवार को ऐसी घटना की पुनरावृत्ति हुई।