बागपत के बड़ौत में छपरौली चुंगी के पास मंगलवार की रात दीवार में नकब लगाकर एक दुकान और मकान से चोर सोने, चांदी के जेवरात, दो लाख रुपये की नगदी समेत पांच लाख का सामान ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और चोरों के संबंध में सुबूत जुटाए।
छपरौली चुंगी पर हाशिम पुत्र हाजी कालू का मकान है। मकान के नीचले हिस्से में लोहे की दुकान है और ऊपर वह परिवार के साथ रहता है। हाशिम के मुताबिक मंगलवार की रात साढ़े आठ बजे दुकान बंद वह ऊपरी मंजिल में सोने चले गए। बुधवार की सुबह उसके बेटे साकिब ने दुकान खोली तो पिछले हिस्से में नकब लगी हुई थी और गल्ला टूटा पड़ा था। संदूक के तालें भी टूटे पड़े थे।
बदमाश संदूक में रखे 82 तोले के चांदी के जेवरात, 4 तोले सोने के जेवरात, दो लाख की नकदी और अन्य सामान चोरी कर ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। हाशिम ने कोतवाली में मामले की तहरीर दी है, जिसमें उसने चोरी गए समान की कीमत पांच लाख रुपये बताई है। कोतवाली प्रभारी वीके सिंह ने बताया कि चोरों का पता लगाया जा रहा है। शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा।