बागपत। कोर्ट में तारीख पर आई महिला पर केस में समझौते का दबाव बनाया। मना करने पर आरोपी पति ने अपने रिश्तेदार के साथ मिलकर छेड़छाड़ कर पिटाई की। बाद में उन्होंने बाल पकड़कर सड़क पर घसीटा। पीड़ित महिला ने घटना की कोतवाली में तहरीर दी ।
सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती ने दी तहरीर में कहा उसकी शादी वर्ष 2010 में मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई। ससुराल वाले दिए दान दहेज से खुश नहीं थे। इसे लेकर आए दिन उसके साथ मारपीट करते थे। पुलिस से शिकायत की। फिलहाल केस कोर्ट में विचाराधीन है।
महिला बुधवार को अपने मामा के साथ कोर्ट में तारीख पर आई। उसके पति ने अपने जीजा के साथ मिलकर उस पर केस में समझौते का दबाव बनाया। मना करने पर उसके साथ गाली-गलौज कर अभद्रता की। कचहरी के पास उसके साथ छेड़छाड़ करके जमकर मारपीट की। इससे वह सड़क पर गिर गई। इतना ही नहीं उसके बाल पकड़कर सड़क पर घसीटा। विरोध करने पर उसके मामा के साथ भी गाली-गलौज कर अभद्रता की। शोर शराबा होने पर लोगों को अपनी तरफ आता देखकर आरोपी धमकी देकर भाग गए। कोतवाल अरुण कुमार द्विवेदी ने कहा मामले की तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी।
महिला अधिवक्ता के खाते से 12 हजार उड़ाए
बड़ौत। महिला अधिवक्ता के खाते से पेटीएम से शॉपिंग कर 12 हजार रुपये निकाल लिए। इस संबंध में उसने कोतवाली में तहरीर दी है। गोल्डी पुत्री मदन सिंह पट्टी मेहर बड़ौत की निवासी है। वह दिल्ली हाईकोर्ट में अधिवक्ता है। वह बुधवार को बड़ौत आई थी तो उसके खाते से पेटीएम द्वारा शॉपिंग कर 12 हजार रुपये निकालने का मेसेज उनके मोबाइल पर आया। पुलिस ने इस मामले में तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है।