बड़ौत में अशरफाबाद थल गांव के चार घरों में एक के बाद एक दस से अधिक सशस्त्र बदमाशों ने डकैती डालकर सनसनी फैला दी। बदमाशों ने चारों घरों से करीब सोने-चांदी के जेवरात और नकदी सहित करीब दस लाख का सामान लूट ले गए। वारदात के दौरान एक घर में सोए गृहस्वामी की आंख खुल गई।
उसके टोकने पर बदमाशों ने उसके सर में लोहे की छड़ मारकर उसे घायल कर दिया। बदमाशों ने इसके अलावा चार घरों में भी लूटपाट का प्रयास किया। घायल व्यक्ति को सुभारती मेरठ में रेफर कर दिया गया है। सूचना पर सीओ रमाला व डॉग स्क्वॉयड ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन की।
शनिवार की अर्द्धरात्रि के बाद 10-12 सशस्त्र बदमाशों ने थल गांव में धावा बोला। बदमाशों ने मासूम पुत्र रसीद के मकान को निशाना बनाते हुए चारदीवारी फांदकर अंदर घुसे। सारा परिवार ऊपरी मंजिल पर सोया हुआ था। बदमाशों ने यहां से ताले तोड़ सोने की अंगूठी, चेन, हथली व 10 तोले के अन्य जेवरात, पाजेब व एक किलो के चांदी के जेवरात व दो हजार रुपयों की नकदी सहित पांच लाख रुपये का सामान लूट ले गए।
फिर बदमाशों ने जाबिर पुत्र कालू के मकान को निशाना बनाया। इनका भी पूरा परिवार ऊपरी मंजिल पर सोया था। बदमाशों ने यहां 45 हजार की नगदी, सोने की चेन व अंगूठी व अन्य कीमती सामान लूट ले गए। इसके बाद बदमाशों ने शान मौहम्मद पुत्र यासीन के मकान पर धावा बोला।
बदमाश यहां से चार हजार की नकदी, एक किलो चांदी के जेवरात व कीमती समान चोरी कर ले गए। इसके बाद बदमाशों ने यासीन पुत्र इकरामू के घर को निशाना बनाया। उनका परिवार ऊपरी मंजिल पर सोया था। यासीन घर की गैलरी में नीचे सोया हुआ था।
बदमाश यहां से सोने-चांदी के जेवरात, 10 हजार की नकदी लूटकर जैसे ही घर के बाहर निकल रहे थे तो घर में सोए यासीन की आंख खुल गई और बदमाशों को टोका। बदमाशों ने लोहे के सरिये से कईं वार उसके सिर पर किए, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर गया।
इसके बाद बदमाशों ने अकरम, इकबाल, गय्यूर, अंसार के मकानों में भी घुसकर चोरी का प्रयास किया। हालांकि जाग होने पर बदमाश भाग निकले। गंभीर रूप से घायल यासीन को परिजन बड़ौत एक निजी अस्पताल लेकर आए, जहां से उसे गंभीर हालत में सुभारती मेडिकल कॉलेज मेरठ रेफर किया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
इस घटना की सूचना पर सीओ रमाला राजबीर सिंह, रमाला थाना प्रभारी सतीश चंद व डॉग स्क्वायड गांव पहुंची और बदमाशों को तलाशा, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल सका है। अभी तक इस मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हो पाई है।