बागपत के बड़ौत कोतवाली क्षेत्र में पंचायत चुनाव में पैसा नहीं देने पर 15-20 हथियारबंद लोगों ने भगवानपुर नांगल गांव में शनिवार की सुबह एक मकान पर अंधाधुंध फायरिंग की। गोली लगने से रिटायर फौजी समेत दो लोग घायल हो गए, जिन्हें बड़ौत सीएचसी में भर्ती कराया गया। इससे गांव में दहशत है।
घायल हुए लोगों में रिटायर फौजी संजीव पुत्र रघुवीर और उसका तहेरा भाई पवन पुत्र पालेराम हैं। आरोप लगाया कि पंचायत चुनाव में गांव के ही एक प्रत्याशी के समर्थक पूर्व फौजी संजीव सिंह से चुनाव के लिए पैसा मांग रहे थे।
शुक्रवार की रात को भी प्रत्याशी समर्थक उनके घर आए थे और पैसा देने की धमकी देकर गए थे। शनिवार की सुबह संजीव अपने तहेरे भाई पवन के साथ घर के अंदर बैठा था, तभी 15-20 हथियारबंद लोग आए और घर पर अंधाधुंध फायरिंग की।
गोलियों की आवाज से लोग दहल गए और क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। फायरिंग में संजीव और पवन घायल हो गए। इसके बार हमलावर यह धमकी देते हुए फरार हो गए कि यदि अभी भी पैसा नहीं दिया तो जान से मार देंगे। परिजनों ने दोनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया।
गंभीर हालत देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस संबंध में संजीव ने कोतवाली में तहरीर दी है। इस घटना के बाद से पूर्व फौजी का परिवार भयभीत है। दोघट थानाध्यक्ष लोकेश शर्मा का कहना है कि तहरीर मिली है, मामले की जांच की जा रही है।