दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर स्थित शहर के रविदास मंदिर के पास 12वीं के छात्र पर चार बाइक सवार 12-14 युवकों ने जान से मारने की नियत से फायरिंग की। गोली लगने से बचा तो उस पर तमंचे की बट से हमला कर दिया। इससे वहां पर भगदड़ मच गई। उसे लहूलुहान हालत में सीएचसी में भर्ती कराया। एसपी ने मौके मुआयना कर कोतवाली पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
बागपत के मेरठ रोड की न्यू कॉलोनी निवासी कारोबारी मुकेश कुमार का बेटा अंकुर एक पब्लिक स्कूल में कक्षा 12वीं में पड़ता है। उसके मुताबिक उसके दोस्त से क्लास में पड़ने वाले एक छात्र ने झगड़ा कर दिया ।
उस समय उसने अपने दोस्त का पक्ष लिया । तभी से आरोपी उससे रंजिश रखने लगा । वह रविवार दो बजे अपने साथियों के साथ कार की मरम्मत कराने के लिए शहर के मेरठ रोड पर गया।
हाईवे किनारे ही खड़े होकर आपस में बातें कर रहे थे। तभी आरोपी छात्र अपने 12-14 साथियों के साथ चार बाइकों पर सवार होकर आया और उस पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने उस पर फायरिंग की।
वह गोली लगने से किसी तरह से बचा। इसके बाद आरोपी ने उसके सिर में तमंचे की बट से हमला किया। वह गंभीर घायल हो गया। आरोपी धमकी देकर भाग गए। सूचना मिलते ही एसपी जय प्रकाश और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की।
पुलिस को वहां से गोली के खोखे भी मिले। घायल अंकुर को सीएचसी में भर्ती कराया। बाद में पीड़ित ने कोतवाली में पहुंचकर शिकायत की। उधर, कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने कहा मामले की जांच कर कार्रवाई होगी।
स्कूल में एक दिन पहले ही दी थी धमकी
बागपत। छात्रा अंकुर ने कहा आरोपी छात्र ने शनिवार को स्कूल में ही उसके साथ गाली-गलौज कर गोली मारने की धमकी दी थी। आरोपी उसको गौरीपुर मोड़ पर बुला रहा था, लेकिन वह उसके कहने पर वहां पर नहीं गया । आरोपी का इरादा उसको जान से मारने का था।