बागपत में विहिप जिलाध्यक्ष और बासौली केेे प्रधान सहदेव सिंह से फोन पर रंगदारी मांगी गई है। फोन करने वाले ने पहले उनसे चुनाव के लिए लड़के भेजने का ऑफर दिया, मना करने पर उनसे रकम मांगी गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विहिप जिलाध्यक्ष और बासौली के प्रधान सहदेव सिंह का कहना है कि चार नवंबर की दोपहर करीब दो बजे और पांच नवंबर को सुबह 11 बजे एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि क्या तुम प्रधानी का चुनाव लड़ रहे हो। उन्होंने मना कर दिया।
फोन करने वाले ने कहा कि यदि चुनाव लड़ रहे हो तो वह गांव में लड़कों को भेज देंगे। उन्होंने मना किया तो फोन करने वाले ने कहा कि उन्हें तो रुपये चाहिए, उन्होंने देने से मना किया तो फोन करने वाले से उनकी जमकर कहासुनी हुई। आरोप है कि आरोपी ने फोन पर धमकी दी।
उन्होंने घटना की जानकारी परिजनों को दी। इससे परिवार के लोग काफी भयभीत है। उन्होंने रमाला थाना पर घटना की तहरीर दी है। रमाला थाना प्रभारी समय सिंह का कहना है कि प्रधान सहदेव की तहरीर पर रंगदारी की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। फोन नंबर की जांच की जा रही है।
डेढ़ माह पूर्व अनीश से मांगी थी रंगदारी
बागपत। करीब डेढ़ माह पूर्व जौहड़ी के युवक अनीश से फोन पर रंगदारी मांगी गई थी। बिनौली थाना पर घटना की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। पुलिस अभी तक केस का खुलासा नहीं कर पाई है। इससे पहले भी कई लोगों से रंगदारी मांगी जा चुकी है।