बागपत। दाहा गांव के पास से दंपति से डस्टर गाड़ी लूटकर भाग रहे दो बदमाशों को मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया उन्होंने एक घंटे में लूट की चार वारदातों को अंजाम दिया था। उन्होंने कहा खाने पीने समेत अन्य जरूरत पूरी करने के लिए लूटपाट करते हैं।
एएसपी अजीजुल हक ने बताया पकड़े गए आरोपी मौजिजाबाद नांगल निवासी सुमित पुत्र परवेंद्र, और शामली के ताना गांव निवासी अभय उर्फ देव पुत्र इंद्रपाल हैं। उनके पास से लूटी डस्टर गाड़ी के अलावा एक पोना बंदूक, एक तमंचा, दो कारतूस और दो खोखे बरामद हुए हैं। उनका साथी सागर पुत्र चांदवीर निवासी गांगनौली फरार हो गया।
आरोपियों ने मेरठ के मीनाक्षी पुरम निवासी सुधीर पाल राणा से डस्टर गाड़ी से अपने पैतृक गांव दाहा लौटते समय लूटपाट की थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपियों की घेराबंदी की। गांगनौली गांव के जंगल में रमाला पुलिस और क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम ने मुठभेड़ के दौरान आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी पहले भी लूट की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।
गैंग का लीडर सागर है। वह अपने अलग-अलग साथियों के साथ लूट की वारदात को अंजाम देता है। उस पर हत्या, लूट और जानलेवा हमले समेत सात मुकदमे दर्ज हैं। उसके साथी गांगनौली गांव के रोबिन, अर्जुन, मौजिजाबाद नांगल का बंटी प्रकाश में आ चुका है। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने मौजिजाबाद नांगल गांव में रविवार दोपहर खेत में लूट का प्लान बनाया था। वहां पर ही शराब पी। सबसे पहले बुढ़पुर नहर के पास एक व्यक्ति से 450 रुपये लूटे। दस मिनट के अंतराल पर दूसरे युवक से मोबाइल लूटा। कुछ ही देर बाद एक आदमी से 700 रुपये लूटे।
इसके बाद दाहा गांव के पास उन्होंने डस्टर गाड़ी लूटी। सभी वारदात करीब एक घंटे में की। उन्हें गाड़ी चलाने का शौक है। इसीलिए यह गाड़ी लूटी थी