आयकर विभाग की टीम ने बुधवार को जिले में ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान चलाया। टीम ने डीएम के स्टेनो, बागपत तहसील के प्रशासनिक अधिकारी, दो खनन ठेकेदारों के बागपत स्थित आवासों में छापेमारी कर दस घंटे तक जानकारी जुटाई। खनन पटल के लिपिक के मेरठ स्थित आवास पर जांच की। करीब दस घंटे बाद भी कार्रवाई जारी है। संयुक्त निदेशक जांच एमके जैन ने बताया कर चोरी समेत अन्य शिकायतें प्राप्त हुई थी, जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
बुधवार को आयकर विभाग के डिप्टी कमिश्नर कानपुर वेदप्रकाश के नेतृत्व में 40 सदस्यों की पांच टीमों ने बागपत शहर में सुबह साढ़े नौ बजे एक साथ छापेमारी अभियान शुरू किया। बागपत तहसील के प्रशासनिक अधिकारी माशा अल्लाह के एसडीएम कार्यालय के पास स्थित आवास में छापेमारी की। यहां पुलिस का सख्त पहरा रहा। दूसरी टीम ने डीएम के स्टेनो राजेश शर्मा के बागपत ब्लॉक स्थित आवास में छापेमारी की।
एक टीम खनन ठेकेदारन रणवीर चौहान के यमुना रोड स्थित आवास और एक टीम पुराना कसबा स्थित खनन ठेकेदार महेश गुर्जर के आवास में पहुंची। पुलिस के सख्त पहरे में छानबीन की गई। लिपिकों पर कर चोरी समेत अन्य मामलों की शिकायत मिली थी।
राजेश शर्मा के एफडी के प्रमाणपत्रों और बैंक खातों की जानकारी जुटाई गई, यहां अभी तक अभियान चल रहा है। उधर, खनन ठेकेदार महेश गुर्जर के घर से टीम ने एक गोपनीय डायरी बरामद की है। आयकर विभाग के ज्वाइंट डायरेक्टर जांच एमके जैन ने बताया बागपत से उन्हें अभी रिपोर्ट नहीं मिली है।
जैसे ही रिपोर्ट मिलेगी, वह कुछ बता पाएंगे। उधर, अभियान के दौरान घरों के बाहर लोगों का जमावड़ा लग गया। पुलिस ने इन लोगों को हटाया। इनकम टैक्स की टीम ने संबंधित परिवार के सदस्यों से भी जानकारियां जुटाई है। उधर, खनन पटल के लिपिक शैलेश के मेरठ स्थित आवास में भी छापेमारी की गई।
दो डायरियां मिलीं, खुलेंगे कई राज
बागपत। खनन ठेकेदारों के घर से आयकर विभाग की टीम ने दो डायरियां बरामद की है। इनमें नेताओं और अधिकारियों के नाम लिखे हैं। इसकी भी दिनभर चर्चाएं रही। कई राज खुल सकते हैं। टीम ने स्वीकार किया है खनन ठेकेदारों के घर डायरी मिली है, लेकिन पहले इसकी सच्चाई की पड़ताल की जाएगी।
13 महीने बागपत में रहे ह्दय शंकर तिवारी
निवर्तमान डीएम ह्दय शंकर तिवारी भी बुधवार को आयकर विभाग के निशाने पर रहे। कर चोरी के मामले में उनकी किसी ने शिकायत की थी। 28 मार्च 2016 को बागपत में ज्वाइन किया और 26 अप्रैल तक वह यहां डीएम रहे। उनके लखनऊ और नोएडा स्थित आवास पर भी टीम ने छापेमारी अभियान चलाया। उनके कार्यकाल में ही राजेश शर्मा स्टेनो रहे थे। उधर, आयकर की टीम के पहुंचते ही मुख्य बाजार की कई दुकानें बंद हो गई। व्यापारी टीम की गतिविधियों की जानकारी जुटाते रहे
कहीं स्टिंग के बाद तो नहीं हुई कार्रवाई
आयकर विभाग की स्टेनो और प्रशासनिक अधिकारी के घर में कार्रवाई के पीछे स्टिंग कर बनाई गई वीडियो को भी एक कारण माना जा रहा है। दिनभर यह चर्चा रही कि कुछ लोगों ने सहारनपुर, शामली और बागपत समेत अन्य जिलों में डीएम के स्टेनो की स्टिंग कर वीडियो बना ली, जिस पर कार्रवाई शुरू हुई।
आयकर का छापा पड़ते ही स्टेनो को हटाया
बागपत। आयकर विभाग का छापा पड़ते ही डीएम भवानी सिंह ने स्टेनो राजेश शर्मा को उनके मूल विभाग में वापस भेज दिया है। अब वह विकास भवन में प्रधान लिपिक होंगे। लंबे समय से वह स्टेनो के पद पर कार्यरत थे। बुधवार को आयकर विभाग की टीम ने छापेमारी अभियान चलाया। देर रात तक डीएम के स्टेनो राजेश शर्मा के घर में टीम का अभियान जारी है। उधर, स्टेनो के बागपत ब्लॉक स्थित आवास पर छापे के बाद उन्हें स्टेनो के पद से हटा दिया। डीएम भवानी सिंह ने की इसकी पुष्टि की है।
उन्होंने बताया राजेश शर्मा को विकास भवन में प्रधान लिपिक के पद पर वापस भेजा। डीएम ने कहा आयकर विभाग के छापे से मूल पटल पर भेजने का कोई संबंध नहीं है, यह प्रक्रिया पहले से ही चल रही थी। उधर, प्रशासन ने पिछले सप्ताह ही कलक्ट्रेट के नाजिर पद से माशा अल्लाह को तहसील का प्रशासनिक अधिकारी बनाया था।