बागपत। पुराना कस्बा में कपड़ा व्यापारी उमरद्दीन के मकान में घुसकर नकाबपोश चार बदमाशों ने लूट का प्रयास किया। शोर मचाने पर बदमाश धमकी देते हुए बाइक से फरार हो गए। वारदात से पीड़ित परिवार दहशत में है। उन्होंने पुलिस से शिकायत की है।
कपड़ा व्यापारी उमरद्दीन की पत्नी सब्बो सोमवार की सुबह अपने परिवार के साथ घर में बैठी हुई थी। तभी नकाबपोश चार बदमाश हथियार लेकर मकान में घुस गए और परिवार को गन प्वाइंट पर लेकर लूटपाट करने लगे। विरोध करने पर मारपीट की। इसी दौरान परिवार के लोगों ने शोर मचा दिया। आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग मकान की ओर आए तो बदमाश उन्हें देख अपनी बाइकों से फरार हो गए। जाते समय बदमाशों ने पीड़ित परिवार को भुगत लेने की धमकी दी। इससे पूरा परिवार दहशत में है। वारदात की पुलिस से शिकायत की गई। कोतवाली पुलिस मामले की जांच में लगी हुई है।
बता दें कि केतीपुरा मोहल्ले में दो सप्ताह पहले एक मकान से लाखों रुपये की लूट हुई थी। पुलिस अभी तक केस का खुलासा नहीं कर पाई है। जबकि, कई बार पीड़ित परिवार पुलिस अफसरों से मिल चुका है।
काठा में फिर दिखे दो संदिग्ध
बागपत। काठा गांव के डंपर चालक लियाकत के मकान के निकट रविवार की रात में दो संदिग्ध युवक घूम रहे थे। नजर पड़ने पर पड़ोसियों ने शोर मचा दिया। इसके बाद आरोपी भाग गए। इसके बाद परिवार बहुत दहशत में है। लियाकत के भाई शौकत ने बताया भाई लियाकत की हत्या के दो आरोपी राहुल और कपिल फरार चल रहे हैं। पुलिस अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। इससे उनका पूरा परिवार दहशत में है। वे अपने मकान से बाहर निकलने की भी हिम्मत नहीं कर पा रहे हैं। पुलिस केस को गंभीरता से नहीं ले रही है। रविवार को देर रात उनके मकान के पास दो संदिग्ध युवक घूम रहे थे। गली के कुत्तों के भौंकने पर पड़ोस के लोग मकान से बाहर निकले तो दोनो युवक भाग गए। उनको पकड़ने का काफी प्रयास किया ,लेकिन सफलता नहीं मिली। आरोपी कौन और किस मकसद से घूम रहे थे। इसकी उनको कोई जानकारी नहीं है। उधर, सीओ श्वेताभ पांडेय ने कहा मृतक के मकान के पास संदिग्ध युवक घूमने का मामला उनके संज्ञान में नहीं है।
मकान से सुरक्षाकर्मी हटाने का आरोप
बागपत। शौकत ने कहा पुलिस अफसरों ने उनके मकान पर सुरक्षा में लगे पुलिस वालों को रविवार से हटा लिया गया है। इससे वे काफी परेशान है।