छपरौली। कसबे की भवाला पट्टी के एक मकान पर पुरानी रंजिश के चलते युवक ने अपने साथियों के साथ अंधाधुंध फायरिंग की। हमले में महिला को पैर में गोली लगी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य जान बचाने के लिए इधर-उधर छिप गए। दोहरे हत्याकांड की रंजिश से जुड़े इस मामले में जानलेवा हमले का मामला दर्ज कराया गया है।
मूल रूप से शामली के कैल शिकारपुर गांव निवासी चौधरी चौहल सिंह इन दिनों छपरौली की भवाला पट्टी में रह रहे हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह शनिवार सुबह अपने पोते अंकित, रिश्तेदार संदीप के साथ मकान के आंगन में बैठे हुए थे। उनकी पोती मीनाक्षी मकान की छत पर कार्य कर रही थी। करीब साढ़े दस बजे उनके मकान पर फायरिंग की गई। पैर में गोली लगने से मीनाक्षी घायल हो गई।
घायल मीनाक्षी ने फायरिंग करने वाले एक युवक को पहचान लिया। चौहल सिंह का आरोप है कि निक्की पुत्र नरेश ने अपने साथियों के साथ मिलकर फायरिंग की है। आरोपी ने अपने परिजनों के साथ मिलकर 11 अक्तूबर को उनके बेटे सुनील और पोते नितिन की निरपुड़ा गांव में डेयरी पर लेन-देन के विवाद में गोली मारकर हत्या कर दी थी, जिसमें उसका पोता अंकित घायल हो गया था। छपरौली थाना प्रभारी दिनेश कुमार वशिष्ठ का कहना है कि अंकित की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है।