बागपत के दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित मवीकलां गांव में मीट से लदी मारुति कार मिलने से सनसनी फैल गई। लोगों ने गोवंश का मांस होने का आरोप लगाते हुए पुलिस के खिलाफ जमकर हंगामा किया। इस दौरान लोगों की पुलिस से नोकझोंक भी हुई। बाद में पुलिस ने मांस को कब्जे में ले लिया।
मवीकलां गांव में रविवार सुबह हाईवे किनारे बिना चालक की एक मारुति कार काफी देर से खड़ी थी। उससे बदबू उठ रही थी। लोगों ने कार की तलाशी ली तो उसमें मांस लदा था। मौके पर काफी लोग एकत्र हो गए। उन्होंने जमकर हंगामा किया। इस दौरान रोड पर जाम भी लग गया था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
लोगों का आरोप है कि पुलिस की मिलीभगत से मांस की सप्लाई हो रही है। उनका कहना है कि गाड़ी खराब होने के कारण मांस सप्लाई करने वाले लोग गाड़ी को यहां छोड़कर गए है। इस दौरान लोगों की पुलिस कर्मियों से नोकझोंक भी हुई। बाद में पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझा बुझाकर शांत किया और मीट से भरी गाड़ी को कब्जे में ले लिया। कोतवाली प्रभारी रणवीर सिंह यादव का कहना है कि गाड़ी में मुर्गों का मलबा था। गाड़ी समेत कब्जे में लिया गया है। गौवंश का मांस होने का आरोप पूरी तरह से गलत है।