जिला अस्पताल में रोते हुए मृतक के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
बागपत। मेरठ मार्ग पर हमीदाबाद गांव के पास ट्रैक्टर-ट्राली और कार की टक्कर हो गई। इससे ट्रैक्टर चालक फरमान (18) और उसके साथी हमीद की मौत हो गई। दोनों की मौत से गुस्साए लोगों ने शहर के राष्ट्र वंदना चौक पर शव को रख कर जाम लगा दिया। पुलिस के साथ नोकझोंक हुई। पुलिस ने युवकों को खदेड़ने के लिए लाठियों का सहारा लिया। विरोध में युवकों ने रोडवेज की एक बस और पुलिस पर पथराव कर दिया। इस दौरान भीड़ की तरफ से हवा में फायरिंग की गई। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हवा में गोलियां चलाई।
बागपत के पुराना कस्बा निवासी बबलू का बेटा फरमान और हमीद ट्रैक्टर-ट्राली चलाता था। शनिवार रात करीब आठ बजे अपने ट्रैक्टर-ट्राली में भट्ठे से ईंटें भरकर मेरठ की ओर से बागपत आ रहा था। जैसे ही ट्रैक्टर-ट्राली हमीदाबाद गांव के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रही कार की ट्रैक्टर-ट्राली से भिड़ंत हो गई।
इससे ट्रैक्टर चालक फरमान और उसका साथी हामिद और कार सवार गाजियाबाद के गढ़ी कटिया निवासी टेकराम बंसल (50), बली निवासी राहुल (24) पुत्र धनपाल हवलदार समेत एक अन्य युवक घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। टेकराम का मीतली में फार्म से घर लौट रहे थे। घायल फरमान और हामिद को एबुलेंस सीएचसी लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
जिला अस्पताल से परिजन दोनों शवों को टेंपो में लेकर शहर के राष्ट्र वंदना चौक पहुंचे और दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर शव रख कर जाम लगा दिया। एएसपी अजीजुल हक मौके पर पहुंचे। पुलिस से युवकों की नोकझोंक हुई। पुलिस ने कुछ युवकों पर बल प्रयोग कर मौके से खदेड़ दिया। हाईवे पर इन युवकों ने लोनी डिपो की बस पर पथराव किया और उसके शीशे तोड़ दिए और यात्रियों से मारपीट भी की।
घबराए यात्रियों ने निकट के एक ढाबे में घुसकर जान बचाई। भीड़ ने पुलिस की जीप पर थी पथराव किया और किसी ने हवा में गोलियां चलाई। बाद में पुलिस ने हवा में गोलियां चलाकर लोगों को दौड़ा लिया। परिजनों का आरोप था कि युवकों की हत्या की गई है। देर रात तक तनाव की स्थिति बनी हुई है।