बागपत में शहर से करीब डेढ़ माह से अपहृत शिक्षिका को पुलिस ने शामली से बरामद कर लिया है। पुलिस का कहना है कि शिक्षिका ने बयान दिया कि उसको मेरठ, हरिद्वार समेत अलग-अलग स्थानों पर बंधक बनाकर रखा गया। उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक युवती, प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती है। अक्टूबर में वह घर से स्कूल गई थी। उसके बाद वापस नहीं लौटी थी। इंतजार करने के बाद परिजनों ने उसे काफी तलाश किया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला था। बाद में परिजनों ने पड़ोस के ही युवक के खिलाफ युवती को अपहरण करके ले जाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी, तभी से ही शिक्षिका की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे थे। उसकी लोकेशन शामली में मिली थी।
वहां पर दबिश देकर उसे बरामद किया गया। केस के विवेचक एमपी सिंह का कहना है कि महिला पुलिस ने पीड़ित लड़की के बयान दर्ज किए। उसने बताया कि आरोपी युवक उसे मेरठ लेकर गया, वहां पर उसे बंधक बनाकर रखा। उसके बाद उसे ट्रेन से हरिद्वार, ऋषिकेश लेकर गया और वहां से शामली लेकर आया। उसको अलग-अलग स्थानों पर रखा गया। आरोपी ने दुष्कर्म किया। धमकी दी कि मुंह खोला तो उसे जान से मार दिया जाएगा।
एमपी सिंह का कहना है कि मेडिकल कराया जा रहा है। कोर्ट में बयान दर्ज होंगे। उसी के आधार पर कार्रवाई होगी। उधर, आरोपी युवक को गौरीपुर मोड़ से गिरफ्तार कर लिया गया है।