बागपत के बड़ौत नगर की सीएचसी पर सोमवार की रात एंबुलेंस चालक ने पानी की टंकी पर चढ़कर शराब के नशे में जमकर हंगामा काटा। शोले फिल्म की तर्ज पर वीरू बनकर उसने कहा कि यदि मेरी प्रेमिका ने निकाह नहीं किया, तो कूदकर जान दे दूंगा। एक घंटे तक सीएचसी पर हंगामा चलता रहा। काफी मनुहार के बाद उसे टंकी से उतारा गया। सीएचसी अधीक्षक ने चालक की रिपोर्ट उसके विभाग के अधिकारी को भेज दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार 102 एंबुलेंस का चालक फरीद शराब के नशे में सोमवार की देर रात सीएचसी की टंकी के ऊपर चढ़ गया। इसके बाद उसने शोर मचाना शुरू कर दिया कि यदि प्रेमिका ने मेरे साथ निकाह नहीं किया, तो वह टंकी से कूदकर जान दे देगा उसकी चीखपुकार सुनकर सीएचसी के आवासों में सो रहे लोग बाहर आ गए।
लोगों ने पहले इस नजारे को देखा और सीएचसी अधीक्षक मुकेश उपाध्याय को मौके पर बुलाया। कर्मचारियों और सीएचसी अधीक्षक ने टंकी पर चढ़े चालक से नीचे उतरने को कहा, लेकिन वह अपनी बात पर अडिग रहा। यह नजारा देखने के लिए सीएचसी के आसपास मकानों की छतों पर भी लोगों की भीड़ जमा थी।
बमुश्किल रात एक बजे किसी तरह उसे मनाकर नीचे उतारा गया। अधीक्षक ने उसे काफी नसीहत दी। सीएचसी अधीक्षक मुकेश उपाध्याय ने बताया कि रात में ही चालक के विभाग के अधिकारियों को इसकी रिपोर्ट भेज दी है। पूरी जांच के बाद उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।