बागपत। निबाली गांव में मामूली विवाद को लेकर पांच-छह लोगों ने रिटायर्ड शिक्षक पर हमला बोल दिया। उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की। आरोप है कि हमलावर तमंचे से आतंकित कर 40 हजार रुपये की नगदी लूट ले गए। घायल ने कोतवाली पहुंचकर तीन को नामजद व अन्य अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी।
निबाली गांव निवासी जयभगवान शर्मा पुत्र दीपचंद शर्मा ने बताया कि वे गांधी इंटर कॉलेज खेकड़ा से रिटायर शिक्षक है। बृहस्पतिवार की सुबह साढ़े दस बजे के लगभग अपनी अल्टो कार से बागपत के लिए चले थे। गांव के बाहर निकलकर पांच-छह लोगों ने कार को रुकवा लिया। उनकी कार में तोड़फोड़ शुरू कर दी। तमंचा कनपटी पर रख कर मारने की धमकी दी। लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। आरोप है कि हमलावर 40 हजार रुपये की नगदी लूटकर ले गए। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने कुछ दिन पहले मामूली बात को लेकर विवाद हो गया था। तभी से आरोपी उनके पीछे लगे थे। उन्होंने तीन लोगों को नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी शिव प्रकाश सिंह ने बताया कि पूर्व शिक्षक के साथ मारपीट की घटना हुई है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।