बागपत। कलक्ट्रेट सभागार में जोनल, सेक्टर और उड़न दस्ते टीम की जिला निर्वाचन अधिकारी और एसपी ने बैठक ली। निर्देशित किया अपने दायित्वों का कर्मठता के साथ निर्वहन करें। जो कार्य दिया, उससे भागने की कोशिश न करें। कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी पवन कुमार ने कहा की लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2019 को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में कराना हर कर्मचारी का पहला उद्देश्य होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर कर्मी निर्वाचन के दौरान हर गतिविधि पर सतर्क रहे। उड़न दस्तों एवं स्थैतिक निगरानी टीम को को नगदी, शराब या रिश्वत के वितरण के संबंध में या असामाजिक तत्व के संबंध में कोई जानकारी मिलती है उस पर तत्काल कार्रवाई करें।
पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पांडेय ने कहा चुनाव की सभा, रैली, नुक्कड़ सभा पर टीम नजर बनाए रखे। वीडियोग्राफी कराते रहे, बिना अनुमति के कोई भी प्रचार प्रसार होता है, उसे तत्काल नोटिस किया जाए। उन्होंने कहा आबकारी विभाग के काम में लापरवाही नजर आ रही है, उस पर अपनी टीम को सक्रिय कर दें। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ एक पुलिस कर्मी और उप निरीक्षक साथ रहेंगे। इसमें सीडीओ पीसी जायसवाल, एडीएम अनिल कुमार मिश्रा, एएसपी रणविजय सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी डॉ देवानंद राम, सभी एसडीएम, सीओ, सभी जोनल, सेक्टर और उड़न दस्ते के प्रभारी मौजूद रहे।