बागपत। शहर के हिना गार्डन में बसपा सुप्रीमो मायावती के जन्मदिन पर हुई हर्ष फायरिंग के मामले में न्यायपीठ बाल कल्याण समिति ने बसपा नेताओं से चार फरवरी तक स्पष्टीकरण मांगा है।
15 जनवरी को हिना गार्डन बागपत में बसपा सुप्रीमो मायावती के जन्मदिन पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। बसपा नेताओं ने लाइसेंसी रायफल व बंदूक से हर्ष फायरिंग की थी। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जन्मदिन कार्यक्रम में बच्चे भी शामिल थे। न्यायपीठ बाल कल्याण समिति ने मामले को गंभीरता से लिया। समिति के अध्यक्ष राजीव यादव एवं सदस्य मालती शर्मा ने बसपा के जिलाध्यक्ष जयकुमार जाटव, मंडल सचिव विक्रम भाटी, विधानसभा प्रभारी धर्मपाल, बबलू कौशिक, हिना गार्डन के संचालक को नोटिस जारी कर चार फरवरी तक स्पष्टीकरण मांगा है। बागपत कोतवाली प्रभारी शिव प्रकाश सिंह से मामले में अब क्या कार्रवाई की, इसका ब्यौरा मांगा। समिति के अध्यक्ष ने बताया कि हर्ष फायरिंग में बच्चों के साथ कोई अप्रिय घटना हो जाती तो इसका जिम्मेदार कौन होता। समिति बच्चों के प्रति गंभीर है।