बागपत। शहर में सोनीपत बस स्टैंड पर खड़ी ईको कार में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। लोगों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि सीएनजी सिलिंडर तक आग नहीं पहुंची, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
गांव नागलकला सोनीपत हरियाणा निवासी जयप्रकाश पुत्र रामकिशन की ईको कार बागपत-सोनीपत मार्ग पर चलती है। चालक सुरेंद्र कुमार ने बताया कि मंगलवार दोपहर कार बागपत में सोनीपत बस स्टैंड पर खाली खड़ी हुई थी। शॉर्ट सर्किट से कार में अचानक आग लग गई। कार से आग की लपटें निकलने लगी। लोगों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार अंदर से जल चुकी थी। गनीमत रही कि सीएनजी सिलिंडर तक आग नहीं पहुंची, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।