बागपत। जिला अस्पताल में सड़क हादसे में घायल महिला तड़पती रही। आरोप है कि उसके कान से खून बह रहा था और चिकित्सक सिटी स्कैन रिपोर्ट का इंतजार करते रहे। महिला के सिर में गंभीर चोट लगी है। सीएमएस से शिकायत करने के बाद महिला का इलाज शुरू हुआ।
शामली जनपद के हरड़ फतेहपुर गांव निवासी ममता पत्नी सुभाष अपने जीजा विनोद निवासी गोगवान जलालपुर जनपद शामली के साथ बाइक पर सवार होकर डौला गांव आ रहे थे। जब वे दाहा-बरनावा मार्ग पर संतनगर गांव के पास पहुंचे तो अचानक महिला चलती बाइक से सड़क पर गिर गई। इससे उसके सिर में गंभीर चोट लगी और कान से खून बहने लगा। जीजा एंबुलेंस से उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। आरोप है कि चिकित्सकों ने सिटी स्कैन के लिए भेजा। सिटी स्कैन होने के बाद चिकित्सकों ने उसका इलाज नहीं किया और यह कहकर टरका दिया कि पहले सिटी स्कैन रिपोर्ट आने दो, इसके बाद इलाज शुरू होगा। जबकि सिटी स्कैन रिपोर्ट आने में लगभग दो घंटे लगते हैं। जीजा विनोद महिला को व्हील चेयर पर बैठाकर अस्पताल के गेट पर खड़ा हो गया। महिला के कान से लगातार खून बह रहा । जीजा स्वयं ही खून साफ कर रहा था। चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार तक नहीं किया। पीड़ित के सीएमएस से शिकायत करने के बाद चिकित्सकों ने महिला का इलाज शुरू किया। सीएमएस डॉ. बीएलएस कुशवाह ने बताया कि महिला का इलाज कराया जा रहा है।