बागपत। सीबीएसई की इंटर कक्षा का एकाउंटेंसी का पेपर आउट होने की अफवाह फैल गई। केंद्र व्यवस्थापकों ने मामले की जानकारी जुटाई। बोर्ड के निर्देश पर आनन-फानन में पेपर की जांच कराई, इसमेें यह पेपर वर्ष 2015 का निकला। इसमें एक-दो प्रश्न पत्रों का ही मिलान हो पाया है। जिला समन्वयक एमके गुप्ता ने कहा कि पुराना पेपर वायरल किया । पेपर आउट होने की सूचना गलत है, किसी ने अफवाह फैलाई है।
बृहस्पतिवार को सीबीएसई की इंटर कक्षा का एकाउंटेंसी के पेपर आउट होने की सूचना से हड़कंप मच गया। मोबाइल पर पेपर वायरल होने लगा। जिले में 10 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा चल रही है। केंद्र व्यवस्थापकों और जिला कॉर्डिनेटर ने मामले की जानकारी ली। उन तक भी वायरल पेपर पहुंचा। सीबीएसई के अधिकारियों ने भी इसका संज्ञान लिया। इसके बाद आनन-फानन में पेपर का मिलान कराया। जिला समन्वयक एमके गुप्ता ने बताया कि पेपर का मिलान कराया तो प्रश्न नहीं मिले हैं। एक-दो प्रश्न तो अधिकांश तो मिल ही जाते हैं, जो पेपर वायरल हुआ वह वर्ष 2015 की परीक्षा का है। केवल भ्रम फैलाने के लिए पेपर वायरल किया गया है। सीबीएसई का पेपर पूरी सुरक्षा व्यवस्था के बीच केंद्रों तक पहुंचाया जाता है। बैंक के लाकर से स्कूल और बैंक के अफसरों के साथ कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच केंद्रों तक पेपर पहुंचता है। जब पेपर खुलता है वहां भी वीडियोग्राफी होती है।
मोबाइल का किया हुआ है प्रतिबंध
सीबीएसई परीक्षा के जिला समन्वयक एमके गुप्ता ने बताया कि बोर्ड परीक्षा में सतर्कता बरती जा रही है। केंद्र व्यवस्थापकों और शिक्षकों पर मोबाइल पूरी तरह प्रतिबंधित किया हुआ है। स्कूल प्रबंधकों पर भी यह ही नियम लागू किया गया है।
परीक्षा में 35 विद्यार्थी रहे अनुपस्थित
बृहस्पतिवार को 10 परीक्षा केंद्रों पर हुई इंटर के एकाउंटेंसी की परीक्षा में 779 विद्यार्थी पंजीकृत थे। इसमें 744 उपस्थित रहे और 35 परीक्षार्थियों गैर हाजिर रहे।