बड़ौत/ बागपत। अमीनगर सराय रोड पर पुजारी की हत्या अवैध संबंधों के चलते की गई थी। महिला ने अपने पति के साथ मिलकर फावड़े से पुजारी की गर्दन काटी और लाश को खेत में फेंक दिया था। आरोपी महिला और उसके पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
सोमवार को एसपी जयप्रकाश ने बताया कि बड़ौत के कमलानगर निवासी विनोद शर्मा को वारदात की रात में आरोपी महिला ने कॉल कर अपने घर आजाद नगर में बुलाया । घर पर पहले महिला और उसके पति ने गला दबाकर हत्या की और शव को लेकर अमीनगर सराय रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग के निकट एक खेत में पहुंचे। यहां फावड़े से उसकी गर्दन काट दी। पहचान मिटाने के लिए धड़ और गर्दन अलग-अलग खेत में फेंक दी थी। कोतवाली प्रभारी एके सिंह ने बताया कि जिस नंबर से कॉल आई थी, उसी के आधार पर ही पुलिस हत्यारों तक पहुंची। एसपी ने बताया कि आरोपी रविंद्र पुत्र संजीव मूल रूप से कासिमपुर खेड़ी का रहने वाला है। उसकी पत्नी कोमल को कोर्ट में पेश कर उसे जेल भेजा। दूसरी तरफ एसएसआई हेंमद्र कुमार बालियान ने बताया सोमवार को देर रात महिला के पति रविंद्र पुत्र संजीव को गिरफ्तार कर लिया है। दंपति हाल में आजाद नगर में रह रही है। रविंद्र को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
पुजारी से तंग आ गई थी महिला
बागपत। बड़ौत का रविंद्र हरियाणा के खरखौदा क्षेत्र में एक ईंट भट्ठे पर काम करता था। उसकी पत्नी और बच्चे बड़ौत में रहते थे। इसी दौरान विनोद शर्मा का उसके घर पर आना जाना शुरू हो गया। दोनों के बीच अवैध संबंध बन गए। कुछ दिन बाद ही कोमल इससे तंग आ गई। उसने इस मामले की जानकारी आठ दिन पूर्व अपने पति रविंद्र को दी। दोनों ने विनोद की हत्या की योजना बनाई और उसे फोन कर घर पर बुलाया और हत्या की वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस ने आरोपी कोमल की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फावड़ा बरामद कर लिया।