चांदीनगर (बागपत)। नौकरी के नाम पर ठगी करने का एक ओर मामला सामने आया है। रेलवे में जॉब लगवाने के नाम पर 16 लाख रुपये ठग लिए। इतना ही नहीं युवक को फर्जी नियुक्त पत्र दे दिया। पता चलने पर तगादा करने के बाद भी रुपये नहीं लौटाए। पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।
ढ़िकौली गांव के युवक अनिल ने पुलिस को बताया कि उसको वर्ष 2015 में रेलवे में नौकरी लगवाने का तीन युवकों ने वायदा किया । वह बार-बार उनसे रुपये लेते रहे। इस तरह से 16 लाख रुपये ले लिए । आरोपियों ने उसको रेलवे की नौकरी का ज्वाइनिंग लेटर भी दे दिया । बाद में पता चला यह लेटर फर्जी है। आरोपियों से अपने रुपये मांगे, बार-बार आश्वासन देते रहे, लेकिन रुपये नहीं लौटाए। इससे उनका पूरा परिवार काफी परेशान है। उसने आरोपियों से रुपये लौटाने और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। चांदीनगर थाना प्रभारी राजेश कुमार भारती ने कहा इस मामले में संजय निवासी सहारनपुर, यशपाल निवासी सरधना (मेरठ) और चंदन निवासी रामनगर (दिल्ली) के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।