हाईकोर्ट के आदेश पर प्रेमी युगल को मिली सुरक्षा
बड़ौत (बागपत)। बड़ौत नगर के एक मोहल्ले के प्रेमी युगल अपनी जान बचाता फिर रहा है। सोमवार को प्रेमी युगल हाईकोर्ट का आदेश लेकर कोतवाली पहुंचा और सुरक्षा की गुहार लगाई। युवती ने कहा परिजन उनकी हत्या कर सकते हैं। पुलिस ने उनकी सुरक्षा के बंदोबस्त किए हैं।
बड़ौत के एक मोहल्ले के रहने वाले युवक और युवती का 2012 में प्रेम प्रसंग हुआ था और कुछ समय बाद ही उन्होंने आर्य समाज मंदिर, दिल्ली में शादी कर ली थी। 2015 में बड़ौत तहसील में रजिस्ट्री कार्यालय से शादी पंजीकृत करा ली थी, लेकिन लड़की के परिजनों को इसका पता नहीं चला था। 15 दिन पहले दोनों घर से भाग निकले थे, तो लड़की के पिता ने बहला-फुसला कर भगाने का मामला कोतवाली में दर्ज कराया था। लड़की के परिजन बार-बार उसे धमका रहे थे तुम न्यायालय में हमारे पक्ष में बयान दे दे, नहीं तो अच्छा नहीं होगा। इसके बाद दोनों इलाहाबाद हाईकोर्ट पहुंचे और सुरक्षा की गुहार लगाई। हाईकोर्ट न्यायालय से पुलिस को उनकी सुरक्षा प्रदान करने के आदेश पारित किए। सोमवार को दोनों कोतवाली पहुंचे और सुरक्षा की गुहार लगाई। पुलिस ने दोनों के परिजनों को कोतवाली बुलाया और दोनों से लिखित में लिया यदि इन्हें कुछ हुआ तो परिजन ही जिम्मेदार होंगे और उन्हें सुरक्षा देकर भेजा।