चांदीनगर (बागपत)। अहमदनगर गांव के पास बाइक की चेकिंग के नाम पर पुलिसकर्मियों पर चार युवकों को थर्ड डिग्री देने का आरोप लगाया गया । ग्रामीणों ने पुलिस के विरोध में रटौल चौकी में जमकर हंगामा किया।
रटौल निवासी साजिद, नवाब, संजय और सलीम, खड़खड़ी गांव के ईंट भट्ठे पर मजदूरी करते हैं। बुधवार दोपहर वे बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। पीड़ितों ने बताया अहमदनगर गांव के श्मशान घाट के पास पहुंचे तो वहां पर दो पुलिस वालों ने उनको रोक लिया। कागज चेकिंग के नाम पर उनके साथ मारपीट की और थर्ड डिग्री तक दी। इसके विरोध में ग्रामीण रटौल चौकी पर पहुंचे। उन्होंने हंगामा कर आरोपी पुलिस वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। खेकड़ा थाना प्रभारी देवेंद्र बिष्ट ने कहा पुलिस वालों ने बाइक सवारों को रुकने के लिए बोला था। मारपीट का आरोप पूरी तरह से गलत है।