दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल से फरार हुए पूर्व विधायक रामबीर शौकीन का पुलिस दो सप्ताह बाद भी पता नहीं लगा पाई है। पुलिस हरियाणा और दिल्ली राज्यों में ही उसकी तलाश कर रही है। पूर्व विधायक की फरारी के बाद कुख्यात बदमाश नीरज बवाना गैंग के कई सदस्य भूमिगत हो गए हैं। पूर्व विधायक की तलाश में यूपी, दिल्ली और हरियाणा पुलिस लगी हुई है।
मुजफ्फरनगर जनपद के सरनावली निवासी कुख्यात अमित उर्फ भूरा की फरारी के मामले में जिला कारागार में बंद मुंडका विधानसभा दिल्ली के पूर्व विधायक रामबीर शौकीन को 26 सितंबर को जेल अस्पताल से सफदरजंग अस्पताल दिल्ली में इलाज के लिए तीन पुलिस कर्मी लेकर गए थे। सफदरजंग अस्पताल से वह पुलिस को चकमा देकर भाग निकला । एसपी ने एसआई चमन सिंह सहित तीन पुलिस कर्मियों को सस्पेंड किया। इस मामले में दो सप्ताह बाद भी पुलिस अंधेरे में तीर चल रहा है। जनपद पुलिस पूर्व विधायक को नहीं ढूंढ पाई है।
पूर्व विधायक की फरारी के बाद कुख्यात बदमाश नीरज बवाना गैंग के कई गुर्गे भूमिगत हो गए है। चूंकि पूर्व विधायक रामबीर शौकीन कुख्यात बदमाश नीरज बवाना का मामा भी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक उसे भगाने में नीरज बवाना गैंग का ही हाथ है। पुलिस उनकी तलाश में दिल्ली और हरियाणा में पुलिस दबिश दे रही है। एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस की तीन टीमें पूर्व विधायक की तलाश में लगी है। कुख्यात नीरज बवाना के गुर्गों की भी तलाश की जा रही है। जल्दी ही पूर्व विधायक को पकड़ लिया जाएगा।