आइसक्रीम विक्रेता को दो युवकों ने आइसक्रीम न देने पर मारपीट कर घायल कर दिया। उसे जाति सूचक शब्द कहे। घायल ने कोतवाली में दो युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के छछरपुर गांव निवासी अनुज आर्य उर्फ जोनी बागपत में क्रिस्तु ज्योति स्कूल के पास किराए पर मकान लेकर रहता है और आइसक्रीम बेचने का काम करता है। उसने बताया कि बुधवार की रात साढ़े 10 बजे दो युवक घर में घुस आए और आइसक्रीम मांगने लगे। उसने आइसक्रीम देने से मना कर दिया। इस पर दोनों युवकों ने गाली गलौच कर मारपीट की। उसे जाति सूचक शब्द कहे। झगड़े में वह घायल हो गया। उसने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और मारपीट कर रहे दोनों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गए। घायल ने नीरज निवासी बड़ौत रोड न्यू कॉलोनी बागपत और नितिन उर्फ तनु यादव निवासी सिंघावली अहीर के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया। यहां से उन्हें जेल भेजा।