बागपत। किशोर के साथ मारपीट कर जमीन पर नाक रगड़वाने की सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। पिता की तहरीर पर कोतवाली में पांच युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
गौरीपुर जवाहर नगर निवासी ओमप्रकाश ने बताया कि 28 मई को उसका 16 वर्षीय बेटा अंशुल बागपत में दवा लेने आया। यहां पर उसका रोहित पुत्र जसपाल निवासी पाली से मामूली बात को लेकर विवाद हो गया। इस पर रोहित ने अपने चार साथियों के साथ मिला और उस पर हमला बोल दिया। उसकी बेरहमी से पिटाई की। इतना ही नहीं आरोपियों ने जमीन पर उसकी नाक रगड़वाई। इस पूरे घटनाक्रम की किसी ने मोबाइल से वीडियो बना कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। चंद घंटों में वीडियो सभी के मोबाइलों में पहुंच गई। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। पिता ने कोतवाली में रोहित सहित पांच युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। एसएसआई धर्मेंद्र सिंह संधु ने बताया कि पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों को जल्दी ही पकड़ लिया जाएगा।