बागपत। बसपा के पूर्व विधायक लोकेश दीक्षित और उसके भाई को धमकी देने के मामले में माफिया डॉन मुन्ना बजरंगी को कोर्ट में पेश करने के लिए पुलिस ने झांसी जेल में तलबी भेजी है। पिछले वर्ष बजरंगी ने दीक्षित और उसके भाई को धमकाया था। प्रकरण की सुनवाई नौ जुलाई को होगी।
बड़ौत के पूर्व बसपा विधायक लोकेश दीक्षित और उनके भाई नारायण दीक्षित को 22 सितंबर 2017 को कॉल कर रंगदारी मांगी। जान से मारने की धमकी भी दी । बागपत कोतवाली में यह मामला दर्ज कराया । पुलिस ने मामले की छानबीन की तो लखनऊ के सुल्तान अली और जेल में बंद मुन्ना बजरंगी का नाम सामने आया। पुलिस ने सुल्तान अली को जेल भेज दिया। प्रकरण की सुनवाई कोर्ट में चल रही है। मुन्ना बजरंगी जेल में बंद है। कोतवाली पुलिस ने झांसी जेल में तलबी भेजी है, ताकि मुन्ना बजरंगी को कोर्ट में पेश किया जा सके। अन्य लोगों के नाम भी प्रकाश में आए थे। पूर्व विधायक लोकेश दीक्षित ने कहा कि वह न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्हें न्याय का भरोसा है।
परिवार लगा चुका साजिश का आरोप
बागपत। मुन्ना बजरंगी का परिवार लखनऊ में बागपत पुलिस पर साजिश रचने का आरोप लगा चुका है। बजरंगी की पत्नी सीमा सिंह ने पिछले दिनों कहा था कि जेल से अधिकतर मामलों में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये पेशी होती है, लेकिन पूर्व विधायक के मामले में पुलिस किसी तरह जेल से बाहर निकालना चाहती है। यह पूरा मामला एक साजिश है।